मारपीट व आगजनी में 52 नामजद पर रिपोर्ट
- 28 फरवरी को कोटा चयन की बैठक में हुआ था विवाद
- शनिवार को दोनों पक्ष गांव में भिड़े, मारपीट और आगजनी
- पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
संडीला।
कोतवाली क्षेेत्र के मीरनगर गांव में कोटे के चुनाव के दौरान हुए विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर घर पर धावा बोलने व बवाल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 52 लोगों को नामजद किया है। साथ ही दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मीरनगर अजिगवां निवासी गुड्डू पुत्र चंद्रपाल गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 28 फरवरी को गांव में कोटा चयन के लिए खुली बैठक का आयोजन किया गया था। जहां उसकी कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। शनिवार सुबह गांव के रफीक, मोहम्मद, अन्नी, अफ्फन, इरफान व कमालुद्दीन समेत दो दर्जन लोग उसके दरवाजे पर आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध पर आरोपियों ने मारपीट की। आसपास मौजूद लोगों ने जैसे-तैसे बीच बचाव कराया। पुलिस ने गुड्डू की तहरीर पर 21 नामजद लोगों समेत दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं दूसरे पक्ष से बहाजुल पुत्र साबित ने रविवार को पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर वह अपने घर के बाहर बैठा था। तभी वहां आए अमित, गुड्डू, शंकर, कुलदीप, विनोद, विजय व नरेश समेत लगभग 30 लोग आए और गाली गलौज करने लगे। विरोध पर पत्थरबाजी की और घर के छप्पर में आग लगा दी। जिससे घर में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने बहाजुल की तहरीर 31 लोगों को नामजद किया है। वहीं दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।