अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। किशोरी को शादी का झांसा देकर युवक ने डेढ़ साल उसका शारीरिक शोषण किया। इस बारे में किसी को कुछ बताने पर उसे धमकाता रहा। युवक की धमकी से सहमी किशोरी ने परिजनों को जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार को पीड़िता का मेडिकल कराया।
बेहटागोकुल थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी रंजीतपाल पुत्र सत्यपाल का करीब डेढ़ साल से एक किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पीड़िता का आरोप है कि युवक उसको शादी का झांसा देकर करीब डेढ़ साल शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान किशोरी ने कई बार शादी करने की बात कही। मगर आरोपी उसे टरकाता रहा। इस बारे में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जिसके चलते पीड़िता सब कुछ सहती रही। अंत में परेशान होकर उसने परिजनों को जानकारी दी। पीड़िता के पिता ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रविवार को रंजीत पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने सोमवार को महिला अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल कराया। एसओ सुभाष चंद्र सरोज ने बताया मामले की जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- शादी का झांसा देकर डेढ़ साल किया शोषण
- बेहटागोकुल थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी है पीड़िता
- पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की