कलक्ट्रेट परिसर में शनिवार को पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। इनके पास से तमंचे, कारतूस, कैंची और ब्लेड बरामद हुए हैं। सूत्रों के अनुसार दो दिन पूर्व कलक्ट्रेट कार्यालय के निकट से अधिवक्ता की बाइक चोरी होने के मामले में भी इनमें से एक आरोपी शामिल है।
गत गुरुवार को जिला पंचायत के मुख्य द्वार के निकट कलक्ट्रेट परिसर से एक अधिवक्ता की बाइक चोरी हो गई थी। कार्यालय में लगे 24 कैमरों की निगरानी में वह स्थान भी आता है, जहां से बाइक चोरी हुई थी। अधिवक्ताओं ने पुलिस को सूचना दी। कैमरों की फुटेज चेक की गई तो बाइक ले जाते एक युवक नजर आया। शनिवार दोपहर में कलक्ट्रेट में उक्त संदिग्ध युवक को टहलते देख एक वकील ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक तीन अन्य लोगों के साथ बात कर रहा था। पुलिस टीम ने चारों को हिरासत में ले लिया। इनमें से दो लोगों के कब्जे से तमंचे और चार कारतूस बरामद हुए। एक के पास से कैंची और दूसरे के पास से कई ब्लेड बरामद हुए हैं। शहर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि पूछताछ की जा रही है।