रंजिश में चले लाठी-डंडे, फायरिंग
- थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छनपुरवा में हुई घटना
- छह लोग घायल, रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सांडी।
थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छनपुरवा में रविवार सुबह पुरानी रंजिश में दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले। एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना में छह लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम लच्छनपुरवा निवासी विपुल कुमार पुत्र अनुरोध की गांव के राधेश्याम से पुरानी रंजिश है। विपुल ने बताया कि रविवार सुबह वह खेत जा रहा था। रास्ते में राधेश्याम व उसके परिजनों ने उसे घर के बाहर रोक लिया और अभद्रता करने लगे। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी डंडों से पीट दिया। उसकी मां रेनू, बेटी दिव्यांशी व बेटा शिवम बचाने आया तो उन्हें भी पीट दिया। शोर सुनकर उसके पक्ष के कुछ लोग मौके पर आ गए। जिस पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। विपुल ने बताया कि मारपीट की घटना में वह, उसकी मां, बेटा और बेटी घायल हो गए। विपुल ने घटना की तहरीर दी है। वहीं दूसरे पक्ष से राधेश्याम के रिश्तेदार राजेश पुत्र बाबूराम ने पुलिस को तहरीर दी बताया कि वह परिजनों के साथ घर के बाहर बैठा था। रास्ते से निकल रहे विपुल व उसके साथियों ने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध पर आरोपियों ने मारपीट की। जिसमें प्रदीप व विनय घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेजा है। एसओ संतोष कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।