अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। पिपरमिंट के प्लांट की रखवाली कर रहे निशक्त युवक पर शनिवार रात लाठी-डंडों से पीट दिया। खेत पर पहुंचे गांव निवासी युवक को उसकी फसल की रखवाली से इनकार करने पर घटना को अंजाम दिया। देर रात चीख सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। हमलावर ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पीड़ित के बाप समेत दो लोगों की भी पिटाई कर दी। ग्रामीणोें की सूचना पर पहुंची 100 पुलिस ने पूछताछ के बाद घायलों को सुबह डॉक्टरी जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा । पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को रिपोर्ट दर्ज की ।
सुरसा थाना क्षेत्र के चपरतला गांव निवासी रामविलास (45) का गांव के बाहर पिपरमिंट पिराई का प्लांट लगा है। जिस पर उसका निशक्त बेटा अंबरीष (25) रात में रखवाली करने के लिए वहीं रुकता है। वहीं पर गांव निवासी राधेलाल का भी खेत है। शनिवार रात 12 बजे अंबरीश प्लांट पर सो रहा था। उसी समय राधेलाल वहां पर पहुंच गया। उसने अपने खेत में खड़ी धान की बेड़ की रखवाली करने के लिए अंबरीष को धमकाने लगा। जब अंबरीश ने रखवाली करने से मना कर दिया। इससे राधेलाल भड़क गया। उसने लाठी से अंबरीश को पीटना शुरू कर दिया। अंबरीश की चीखने की आवाज पर उसके पिता रामविलास, पचलाई गांव निवासी उसका रिश्तेदार नंदराम (20) ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गया। वहीं विवाद होने की जानकारी मिलने पर राधेलाल के परिजन भी आ गए। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। हमलावर के परिजनों ने रामविलास और नंदराम को भी पीट दिया। यूपी-100 पुलिस के आने से पहले हमलावर भाग गए । रविवार की सुबह थाने पहुंचे पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने राधेलाल समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की। घायलों को डॉक्टरी परिक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। एसओ संतोष श्रीवास्तव ने बताया मामला संज्ञान में है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- खेत की रखवाली से इनकार पर निशक्त को पीटा
- पिपरमिंट प्लांट पर सो रहा था निशक्त
- सुरसा थाना क्षेत्र के चपरतला गांव निवासी है युवक
- देर रात शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों को भी पीटा