थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरपुर में शुक्रवार को एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बाबरपुर निवासी राहुल की पत्नी संध्या (25) का शव शुक्रवार को घर के एक कमरे में फांसी पर लटकता मिला। परिजन संध्या के घरेलू कलह से तंग होकर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद संध्या के पिता राममूर्ति मिश्रा हथौड़ा पचदेवरा मौके पर पहुंच गए। बताया कि उन्होंने बेटी संध्या की शादी राहुल के साथ 5 साल पहले की थी, उसके दो बच्चे हैं।
भाई सुधाकर ने बताया कि शादी के बाद से पति व आरोपी ससुरालीजन संध्या को दहेज में कुछ न कुछ लाने को लेकर प्रताड़ित करते थे। हाल ही में संध्या से बात हुई थी। उसने कहा था कि मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन उसे जान से मार डालेंगे।
सुधाकर ने बताया कि शुक्रवार शाम संध्या के ससुर अवधेश से उन्हें घटना की जानकारी मिली। जब वह यहां आए तो देखा ससुरालीजन फरार हो चुके थे। संध्या का शव घर के एक कमरे में पड़ा था। पास ही फांसी का फंदा लटका था।
जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ थानाध्यक्ष रंधा सिंह ने बताया पिता की ओर से पति समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
- हत्या का आरोप, पति समेत चार के खिलाफ तहरीर