टड़ियावां। थाना क्षेत्र में दो पक्षों में लाठियां चलने से दस लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्रामबर्रा सराय निवासी करुणा कांत और चौकीदार राम सहाय के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। रविवार को करुणा कांत पुत्र सूरे बाबू की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि रामसहाय पुत्र राम विलास, शिवसेवक, अरविंद, रोहित उसकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से लकड़ी रख रहे थे। जब उसने मना किया तो उन लोगों ने हमला बोल दिया। इसमें वह, उसकी मां रमाकांती (58), भाई अमित (28), कमलाकांत, भाभी राधा (25) व बेटी गायत्री (17) घायल हो गए। वहीं रामसहाय का आरोप है कि वह अपनी लकड़ी उठा रहे थे। इस बीच विरोधी करुणा कांत, कमलाकांत, अमित एवं रामजी ने लाठी डंडे से हमला कर दिया। जिसमें पीड़ित व उसकी पत्नी कलावती (50), बेटा अरविंद (21) व रोहित (28 ) घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर घायलों को इलाज के लिए भेज दिया।