अमर उजाला ब्यूरो
सांडी। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम ढकेलापुरवा में मंगलवार रात चोरों ने एक घर से लाखों की नगदी और जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम ढकेलापुरवा में वासुदेव पुत्र गोकरन कुशवाहा का घर निर्माणाधीन है। मंगलवार रात वासुदेव और परिजन सो रहे थे, इसी बीच चोर घर में घुसे और कमरों में रखी नगदी और जेवर समेट ले गए। बुधवार तड़के तीन बजे वासुदेव लघुशंका के लिए उठे तो उन्हें आंगन में घरेलू सामान बिखरा मिला। कमरे में बक्सों के ताले टूटे पड़े थे। जेवरों के डिब्बे खाली मिले। वासुदेव की माने तो मकान निर्माण की सामग्री लाने के लिए चालीस हजार रुपये रखे थे। चोर रुपये, पत्नी, पुत्रवधू और विवाहित पुत्री के ढाई लाख रुपये से अधिक के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। थानाध्यक्ष अरुणेश गुप्ता का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
घर से लाखों की नगदी और जेवर चोरी
- सांडी थाना क्षेत्र के ढकेलापुरवा की घटना