अमर उजाला ब्यूरो
हरपालपुर। थाना क्षेत्र के लमकन गांव में सोमवार को शराब के ठेके पर काम कर रहे सेल्समैन का गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चटके। घटना में दो महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लमकन गांव निवासी रामबख्श ने पुलिस को तहरीर दी है। बताया कि वह गांव के ही शराब के ठेके पर छह माह से सेल्समैन है। उससे पूर्व गांव का ही अंगेश ठेके पर सेल्समैन था। ठेकेदार ने उसे हटा दिया था। जिसके कारण अंगेश उससे रंजिश मानता है। सोमवार को ठेके पर आए अंगेश (35) और उसकी पत्नी रिंकी (30) उससे विवाद करने लगे। विरोध पर दोनों ने उसे लाठी-डंडे से पीट दिया। शोर सुनकर उसकी पत्नी पप्पी (35) मौके पर आ गई। जिस पर आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। इसमें दोनों घायल हो गए। इधर अंगेश ने भी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उसने रामबख्श और उसकी पत्नी पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। एसओ राय सिंह ने बताया कि घायलों को मेेडिकल के लिए सीएचसी भेजा गया है। जांच की जा रही है।
दो पक्षों में मारपीट, चार लोग घायल
- शराब के ठेके पर सेल्समैन पद को लेकर रंजिश, रिपोर्ट दर्ज