फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संशोधित- गोलीकांड में मल्लावां नगर पालिका अध्यक्ष समेत 25 भेजे गए जेल

विज्ञापन
विज्ञापन
मल्लावां (हरदोई)। कस्बे के बड़ा चौराहे के निकट नगर पालिकाध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक समर्थकों के बीच हुई फायरिंग का मामला गर्मा गया है। विधायक समर्थक की तहरीर पर पालिकाध्यक्ष और उनके भाइयों सहित आठ नामजदों और कुछ अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमले, गाली गलौज, तोड़फोड़ और बलवे की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस ने पालिकाध्यक्ष सहित 25 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 16 को शांतिभंग और नौ को गोलीकांड में जेल भेजा गया है। उधर नगर पालिकाध्यक्ष की तहरीर पर विधायक समेत नौ नामजद और 200 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी जानलेवा हमले, डकैती, बलवा सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विज्ञापन

मल्लावां के नगर पालिकाध्यक्ष अंकित जायसवाल का घर और कार्यालय मल्लावां कस्बे में बड़ा चौराहे के निकट मुख्य मार्ग पर है। शुक्रवार रात उनके घर पर विधायक समर्थकों हमला कर फायरिंग की गई थी। नगरपालिका अध्यक्ष के समर्थकों ने भी जवाबी फायरिंग की थी, जिसमें विधायक आशीष सिंह आशू के तीन समर्थक गोली लगने से घायल हो गए थे। मामले में पालिकाध्यक्ष अंकित जायसवाल ने शनिवार को कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे विधायक आशीष सिंह आशू, उनके प्रतिनिधि नीरज विद्यार्थी निवासी पिपरावां, सुशील कुमार कनौजिया, राजीव, ऋषि, अमन, अंकित, हिमांशु निवासीगण देवमनपुर, राहुल पुत्र स्वतंत्र निवासी भगवंतनगर 20-25 वाहनों से 200 अन्य लोगों के साथ उनके घर के बाहर आकर रुक गए।
आरोप लगाया कि विधायक आशीष आगे की सीट पर बैठे थे। उन्होंने अपने प्रतिनिधि नीरज से मुझ पर फायर करने को कहा। इसके बाद नीरज ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। कुछ लोगों ने पथराव किया। अंकित और उनके समर्थक किसी तरह बचकर घर के अंदर घुस गए। विधायक और उनके समर्थकों ने घर में घुसकर उनके भाई सिद्धार्थ की दो लाख की चेन लूट ली और महिलाओं से अभद्रता भी की।
विज्ञापन

उधर दूसरी ओर विधायक के समर्थक उनके गांव देवमनपुर निवासी हिमांशु पटेल पुत्र मदनपाल ने भी कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि वह साथियों प्रशांत, प्रदीप, मोहित पटेल, अंकित कुमार के साथ बड़ा चौराहे कोल्डड्रिंक पीने गए थे। इसी दौरान नगर पालिकाध्यक्ष अंकित जायसवाल के भाई सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू ने बोतल से पानी प्रदीप की गाड़ी के शीशे पर फेंक दिया। आपत्ति जताने पर सिद्धार्थ, अंकित जायसवाल, विशाल जायसवाल, रोहित राणा निवासी बड़ा चौराहा मल्लावां, राहुल शर्मा निवासी कटरा, जलालुद्दीन निवासी मोहद्दीनपुरं, इंद्रपाल वर्मा निवासी पुरवावां मल्लावां और राजभान सिंह निवासी रुदामऊ माधौगंज ने फायरिंग और पथराव शुरू कर दिया। इस पर वह लोग भाग निकले। अंकित गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
नगर पालिकाध्यक्ष अंकित जायसवाल, उनके भाई सिद्धार्थ जायसवाल, समर्थक राजभान सिंह, विधायक समर्थक हिमांशु पटेल के अलावा फहीम पुत्र सलीम निवासी दीक्षित मार्केट बिलग्राम, नाजिम पुत्र जलालुद्दीन निवासी कटरा, संजय जायसवाल पुत्र नंद किशोर, राजाराम और उनके पुत्र नीरज निवासीगण गंगारामपुर को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इसके अलावा शांति भंग की आशंका में 16 लोगों को एसडीएम बिलग्राम के न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

नगर पालिकाध्यक्ष के घर पुलिस को मिला तमंचा, एयरगन
शुक्रवार देर रात घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद नगर पालिकाध्यक्ष अंकित जायसवाल के घर में चेकिंग की गई। पुलिस का दावा है कि नगर पालिकाध्यक्ष के घर से एक तमंचा, पांच खोखे, एक कारतूस और बंदूक के 14 खोखे बरामद हुए हैं। एक एयरगन भी मिली है।

कस्बे में तनाव, कर्फ्यू सा माहौल
पालिकाध्यक्ष के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद कस्बे में तनाव व्याप्त है। शनिवार तड़के तक एसपी आलोक प्रियदर्शी मातहतों के साथ मल्लावां कोतवाली में मौजूद रहे। पल-पल की जानकारी लेने के साथ ही माहौल को हल्का बनाने की कोशिश भी पुलिस अफसरों ने की। दिन में कस्बे में कर्फ्यू सा माहौल रहा। नगर पालिकाध्यक्ष के घर के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। 200 मीटर के दायरे में पुलिस गश्त करती रही। सादी वर्दी में पुलिस को भी हालात संभालने के लिए तैनात किया गया है। घटना में गोली लगने से घायल अमन और विनीत द्विवेदी का मेडिकल शनिवार को जिला अस्पताल में कराया गया। घायल अंकित का उपचार लखनऊ के ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

सोशल मीडिया पर आई सपोर्ट आशू भइया अभियान
शुक्रवार रात हुई घटना में विधायक पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद उनके समर्थकों की फौज सोशल मीडिया पर समर्थन में उतर आई है। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र नेता रह चुके विधायक आशीष सिंह आशू का समर्थन करने वालों ने सोशल मीडिया पर आई सपोर्ट आशू भइया शीर्षक से अभियान चला रखा है।

मीडिया को रखा गया दूर, बंद रहे कोतवाली के गेट
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मीडिया से दूरी बना ली। मीडिया को कोतवाली परिसर के अंदर नहीं जाने दिया गया। कोतवाली के गेट बंद रखे गए। मल्लावां कोतवाल महेशकुमार गोले ने मीडिया कर्मियों से बात नहीं की। वह उच्चाधिकारियों से वार्ता करने के लिए कहकर पल्ला झाड़ते नजर आए।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें