बघौली। चोरों ने गुरुवार रात थाना क्षेत्र के ग्राम पिपोना में दो भाइयों के घरों में सेंध लगा दी। दोनों घरों से राशन, नगदी और जेवर चोरी कर लिए। शुक्रवार सुबह गांव के बाहर खेत में खाली बक्से पड़े मिले। पीड़ित भाइयों ने शुक्रवार सुबह पुलिस को तहरीर दी है।
पिपोना निवासी विशंभर पुत्र गयादीन और पास में स्थित उसके भाई भरोसे के मकान के पिछले हिस्से में गुरुवार रात सेंध लगाकर चोर लाखों का माल ले गए। शुक्रवार सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने गांव के लोगों के साथ आसपास तलाश किया तो एक खेत में खाली बक्से पड़े मिले। विशंभर ने बताया कि घटना के वक्त परिवार सो रहा था। चोर उसके घर से दो जोड़ी झाले, सोने की सुतिया, तीन जोड़ी टॉप्स, बिछिया, कमरपेटी, पीतल के बर्तन, 25 हजार रुपये और भाई भरोसे के घर से दो क्विंटल गेहूं, पीतल के बर्तन, कपड़ा और तीन हजार रुपये चुरा ले गए हैं। विशंभर और उसके भाई ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। एसओ फूलचंद्र सरोज ने बताया कि जांच की जा रही है।