अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कोर्रिया में मायके आई पत्नी से खाना परोसने के दौरान हुए विवाद में पति ने बांके से हमला कर दिया। बांके के वार से पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के भाई की तहरीर पर पति के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी पति फरार है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोर्रिया निवासी कमलेश ने पुत्री जूली (21) का विवाह दो वर्ष पूर्व लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुधिया निवासी अखिलेश के साथ किया था। सोमवार को प्रसव पीड़ा के चलते जूली को ससुरालीजनों ने जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने परिजनों को लखनऊ मेडिकल कालेज में भर्ती कराने की सलाह दी थी।
परिजन जूली को शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। सोमवार रात जूली ने मृत बच्ची को जन्म दिया। बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर वह अपने मायके कोर्रिया चली गई। पति अखिलेश गुरुवार को कोर्रिया पहुंचा। रात लगभग दस बजे जूली ने अखिलेश को खाना परोस कर दिया। इसी दौरान अखिलेश ने जूली से गाली गलौज शुरू कर दी। इस पर जूली ने आपत्ति की। इससे अखिलेश नाराज हो गया। उसने पास में पड़ा बांका उठाकर जूली के सिर पर दो वार कर दिए। जूली के सिर से खून निकलने लगा। वह जमीन पर गिर पड़ी। इस पर अखिलेश मौके से फरार हो गया। जूली के मायके वाले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताकर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ के ट्रामा सेंटर में उसका उपचार चल रहा है।
देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि जूली के भाई सियाराम की तहरीर पर अखिलेश के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पत्नी पर बांके से किया हमला, हालत गंभीर
- लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर, पति के विरुद्ध जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज
- प्रसव के दौरान बच्ची की मौत के बाद मायके में थी विवाहिता