दो गोकश गिरफ्तार, वाहन बरामद
- गोपामऊ चौकी पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। गोकशी और गोमांस की तस्करी करने के आरोप में पुलिस ने दो शातिरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो चौपहिया वाहन भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि 28 मई को टड़ियावां थाना क्षेत्र में गोमांस पकड़ा गया था। विवेचना के दौरान पता चला कि इस कारोबार में थाना क्षेत्र के कस्बा गोपामऊ के मोहल्ला लालपीर निवासी रियाज पुत्र इलियास और मुन्ना उर्फ इस्लाम पुत्र अब्दुल्ला शामिल हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर गोपामऊ चौकी प्रभारी संतोष कुमार, सिपाही सनोज कुमार, विमल किशोर और दीपक कुमार ने सोमवार को बाबूपुर मोड़ तिराहे से दोनों शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक बोलेरो और कार बरामद हुई है। गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले तीन बड़े चाकू और उपकरण भी बरामद हुए हैं।