अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के धन्नूपुरवा में मंगलवार सुबह अधेड़ की जहर खाने से मौत हो गई। मृतक के दामाद ने मकान पर कब्जे की धमकी से आहत होकर जान देने की बात कही है। कछौना कोतवाली क्षेत्र के पैरा गांव निवासी सुरेश कश्यप (50) पुत्र राजाराम कश्यप शहर कोतवाली के धन्नूपुरवा में रहता था। वह एआरटीओ कार्यालय में सहयोगी था। उसकी पत्नी की चार वर्ष पूर्व बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में पांच बेटियां पूजा, आरती, ज्योति, प्रियंका, सीमा, एक बेटा अरुण है। मंगलवार सुबह पांच बजे सुरेश ने संदिग्ध हालात में जहर खा लिया। उल्टी आने पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉ. मनोज देशमणि ने जहर खाने की पुष्टि की। इलाज के दो घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतक के दामाद मनोज का आरोप है कि कुछ लोग ससुर को मकान कब्जाने की धमकी दे रहे थे। इससे वह आहत थे। कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
जहर खाने से अधेड़ की मौत
- दामाद बोला, मकान पर कब्जे की धमकी से आहत थे