अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। जनपद की स्वॉट टीम और मझिला थाने की पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम में दो क्विंटल 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। नशे के तीन सौदागरों को भी पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 11 करोड़ रुपए बताई गई है। एसपी ने शातिरों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।
सोमवार को मझिला थाना पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच नशे के सौदागर गिरफ्तार किए गए थे। इनके कब्जे से लगभग 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत ढाई करोड़ रुपए बताई गई थी। तीन लोग फरार थे और संयुक्त टीम इनकी तलाश में थी। पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र की मानें तो स्वॉट टीम के प्रभारी आलोक सिंह के नेतृत्व में गई स्वॉट और मझिला थाने की टीम ने सोमवार को ही नशे के कारोबार में शामिल उर्मिला यादव निवासी फ्लैट नंबर 1109 सेक्टर-5, थाना आरके पुरम नई दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। उसे हरदोई लाकर सख्ती से पूछतांछ की गई तो उसने बताया कि पति राजपाल यादव अपनी प्रेमिका रुचि चौहान के साथ हरियाणा के गुरुग्राम जिले के थाना विलासपुर के ग्राम विनौला में छिपा है। इस पर दिल्ली में डेरा जमाए पुलिस टीम ने विनौला में छापा मार दिया।
वहां से राजपाल यादव और उसकी प्रेमिका रुचि चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके कब्जे से दो क्विंटल 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा एक डीसीएम भी बरामद की गई है। इस डीसीएम को गांजा लाने ले जाने के लिए विशेष रुप से तैयार किया गया था। एसपी ने बताया कि मंगलवार को राजपाल यादव और रुचि चौहान को मानेसर थाने में दाखिल करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया और जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम को एसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।
सोमवार को पुलिस गिरफ्त में आए नशे के सौदागरों ने पुलिस टीम को बरगलाने की कोशिश की और काफी हद तक वह सफल भी रहे। पूछतांछ के दौरान पकड़े गए शातिरों ने बताया था कि नशे के कारोबार में शामिल राजपाल यादव और उसकी पत्नी उर्मिला यादव राजस्थान के जनपद अजमेर के किशनगढ़ कस्बे मोहल्ला डिडीवाड़ा के निवासी है। पुलिस इसी पते के आधार पर कार्य कर रही थी लेकिन सर्विलांस के जरिए पुलिस को लोकेशन दिल्ली और गुरुग्राम में मिली, तो गिरफ्तारी में सफलता मिल गई।
-नशे का सौदागर प्रेमिका संग गिरफ्तार, पत्नी भी चढ़ी पुलिस के हत्थे