अमर उजाला ब्यूरो
कछौना। ज्ञानपुरवा गांव में मंगलवार को कोतवाल की मौजूदगी में नाली विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। मारपीट में दो पक्षों के दस लोग घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर थाने की फोर्स व पीएसी बल मौके पर पहुंच गया। कोतवाल ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ज्ञानपुरवा में क्षेत्र पंचायत निधि से नाली का निर्माण कराया जा रहा है। बीते बीस दिन से नाली निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद की स्थितियां बनी हुई थीं। बताया गया है कि गांव निवासी नीरज शुक्ला नाली का निर्माण करा रहे थे। जबकि गांव के ही रामसनेही ने नाली निर्माण पर आपत्ति लगाई है। रामसनेही का कहना है कि जिस जमीन पर नाली का निर्माण कराया जा रहा है। वह जमीन गांव में खाद के गड्ढे के लिए छोड़ी गई है। करीब 15 दिन पहले नाली का निर्माण शुरू होने पर रामसनेही ने डीएम से शिकायत की थी, जिस पर डीएम ने काम बंद करा दिया था। जांच के बाद एसडीएम संडीला राकेश कुमार ने पुलिस को मौके पर मौजूद रहकर नाली बनवाने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को कोतवाल नजीमुल हसन नक वी पुलिस बल के साथ गांव में नाली का निर्माण करा रहे थे। इसी बीच वहां आए रामसनेही पक्ष के लोग नीरज शुक्ला से विवाद करने लगे। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। कोतवाल नजीमुल हसन नकवी व एसआई ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। हालात बिगड़ते देख कोतवाल ने थाने से और फोर्स तथा पीएसी के जवान बुला लिए। पुलिस बल आता देख रामसनेही पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। मारपीट में दो पक्ष से दस लोग घायल हो गए। लगभग चार घंटे बाद नायब तहसीलदार संडीला पंकज सक्सेना मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। विवाद के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कोतवाल नजीमुल हसन नकवी ने बताया कि नाली का निर्माण कराया जा रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है, कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट में ये हुए घायल
वीरेंद्र उर्फ बल्लू (30), नंन्दू (13), निर्मल (20) तथा दूसरे पक्ष से सत्य नरायन (45), अनुज (35), विनीत (28) व जर्नादन (30) समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए।
सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे अफसर
ज्ञानपुरपा गांव में मंगलवार को नाली विवाद के चलते आमने-सामने आए पक्षों को कोतवाल नजीमुल हसन नकवी ने समझाने की कोशिश की। इसके बाद कोतवाल नजीमुल हसन ने एसडीएम संडीला समेत अन्य अफसरों को भी घटना की जानकारी दी, लेकिन कोई अफसर मौके पर नहीं पहुंचा।
फोटो 16: घायल नंदू।
फोटो 17: घायल निर्मल।
फोटो 18: घायल वीरेंद्र।
फोटो 19: इसी नाली के निर्माण को लेकर हुआ विवाद।
फोटो 20: विवाद के बाद गांव में तैनात पुलिस बल।
- नाली निर्माण के विवाद में भिड़े दो पक्ष, 10 घायल
- कोतवाल की मौजूदगी में ज्ञानपुरवा में चली लाठियां
- बीस दिन से बन रही थी विवाद की स्थितियां
- गांव में पुलिस बल तैनात