अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में किशोरी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवक द्वारा परेशान किए जाने से आहत होकर किशोरी ने ये कदम उठाया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नन्हें निवासी रामेंद्र की पुत्री अंतिमा (16) ने रविवार शाम छह बजे दुपट्टे से बरामदे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसकी मां निर्मला खेत पर गई थी, जबकि पिता भी घर में नहीं थे। जब मां निर्मला खेत से वापस आई तो घटना का पता चला। पिता रामेंद्र ने बताया कि अंतिमा हाईस्कूल तक पढ़ाई करने के बाद इन दिनों घर पर ही रह रही थी। उन्होंने बताया कि पड़ोस में ही रहने वाले युवक के साथ अंतिमा का प्रेम प्रसंग था। कुछ माह पहले उसकी शादी दूसरी लड़की से हो गई थी। इस पर अंतिमा ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। साथ ही उससे दूरी भी बना ली थी। मृतका के पिता का आरोप है कि इसके बावजूद युवक फोन कर उसे परेशान कर रहा था। इसी से परेशान होकर उसने खुदकुशी कर ली। अंतिमा तीन भाई बहनों में सबसे बड़ी थी। प्रभारी निरीक्षक राकेश चंद्र आनंद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। आरोप लगाए हैं, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं दे पाए हैं।
किशोरी ने लगाई फांसी, प्रताड़ना का आरोप
- देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की घटना
- पिता ने कहा, शादी तय होेने के बाद भी युवक परेशान कर रहा था