बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर रिक्खापुरवा गांव के निकट पिकअप ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार भतीजे की मौके पर मौत हो गई और चाचा घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। कोतवाली पुलिस ने लोगों को समझाया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रिक्खापुरवा निवासी मथुरा प्रसाद (45) पुत्र रामदुलारे सोमवार को साइकिल से सब्जी लेने गया था। साथ में उसका भतीजा पंकज (18) पुत्र भारत भी था। देर शाम दोनों सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। कोतवाली क्षेत्र में रास्ते में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर रिक्खापुरवा गांव के निकट पीछे से आ रहे पिकअप ने साइकिल में टक्कर मार दी। इससे पंकज की मौके पर मौत हो गई और उसका चाचा मथुरा प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन चालक फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। परिजनों ने बताया किपंकज जलालपुर से आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। वह चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था।