हरदोई। 48 घंटे के अंदर दूसरी बार चोरों ने बघौली थाना क्षेत्र में दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया है। चोरों ने गुरुवार रात बरौली गांव के मजरा पटकुइयां में छह घरों से एक लाख नगद और दस लाख के जेवरात पार कर दिए।
बुधवार की रात गदनपुर के तीन घरों में लाखों की चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद गुरुवार की रात चोरों ने क्षेत्र में जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ चोरों ने गुरुवार की रात एक साथ बरौली गांव के मजरा पटकुइयां के छह घरों को निशाना बना लिया। चोर एक ताला बंद मकान समेत अन्य घरों से 1 लाख की नगदी व दस लाख की कीमत से अधिक के जेवर चुरा ले गए। पाई-पाई जोड़कर जुटाई रकम व जेवर चोरी हो जाने के बाद पीड़ित मजदूरों और किसानों के आंसू तक निकल आए। फोरेंसिक टीम ने भी छह घरों से फिंगर प्रिंट समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पीड़ितों ने नुकसान का आंकलन कर पुलिस को तहरीर दी। एसओ सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि घटनाओं की जांच की जा रही है। सभी वारदात का खुलासा किया जाएगा।
घटना-1
- ग्राम पटकुइयां निवासी प्यारेलाल ने बताया कि वह परिवार के साथ लखनऊ में रहता है और वहीं मजदूरी करता है। घर में ताला पड़ा हुआ था। सुबह घर का ताला टूटा होने की सूचना मिलने के बाद परिवार के साथ वापस आया। बताया कि चोर घर में रखी 40 हजार रुपये, तीन बेटियों व एक बेटी की सलहज के चार सोने के हार, चार जोड़ी सोने की झुमकी, चार जोड़ी चेन, चार जोड़ी झाला, चार जोड़ी सोने की मांगबेंदी, चार जोड़ी चांदी की पेटी, चार जोड़ी चांदी की पायल आदि चुरा ले गए।
घटना-2
- पटकुइयां गांव निवासी किसान राकेश ने बताया कि वह परिजनों के साथ आंगन में सोया था। दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। अंदर रखी 50 हजार की नगदी, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ी चांदी की पायल समेत अन्य जेवरात चुरा ले गए। सुबह आंख खुलने पर जब पत्नी कमरे में गई तो अलमारी खुली व सामान बिखरा हुआ मिला।
घटना-3
- पटकुइयां गांव निवासी किसान अविनाश पांडे ने बताया कि गुरुवार की रात वह और परिजन घर के एक कमरे में सो रहे थे। देर रात दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने दूसरे कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। ताला तोडने के बाद चोर अलमारी में रखी 10 हजार की नगदी एक सोने की अंगूठी, चार चांदी के सिक्के व अन्य सामान चुरा ले गए। बताया कि घटना का पता सुबह चला।
घटना-4
- पटकुइयां गांव निवासी किसान रामकिशोर शर्मा ने बताया कि वह और परिवार के अन्य सदस्य आंगन/बाहर सोए थे। देर रात चोर दीवार फांद कर घर के अंदर दाखिल हुए चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। चोर बक्से में रखे पांच हजार रुपये नगद, सोने की अंगूठी व सोने की एक चेन चुरा ले गए। सुबह पड़ोस में चोरी होने का शोर होने पर आंख खुली तो पता चला कि चोरों ने उनके घर में भी वारदात को अंजाम दे दिया।
घटना-5
- गांव निवासी किसान मंजेश ने बताया कि वह और परिजन घर में सोए थे। देर रात घर में घुसे चोरों ने एक कमरे में पड़ा ताला तोड़ दिया। चोरों ने काफी सामान खंगाला, लेकिन कपड़े के सिवाय अन्य कोई चीज, नगदी व जेवर न मिलने पर वह खाली हाथ लौट गए।
घटना-6
- पटकुइयां गांव निवासी किसान कन्हाई ने बताया कि वह भी परिवार के साथ रात में घर पर ही था। दीवार फांदकर अंदर घुसे चोरों ने घर में काफी कुछ तलाश किया, लेकिन कोई कीमती चीज नहीं मिल सकी, जिसके चलते वह घर से कुछ भी ले जाने में सफल नहीं हो सके हैं। सुबह आंख खुलने पर देखा तो कमरे में रखा सामान बिखरा हुआ पड़ा था।