माधौगंज (हरदोई)। मायके आई नवविवाहिता ने प्रेमी का दिया जहर खाकर खुदकुशी कर ली। मृतका के भाई की तहरीर पर नवविवाहिता के कथित प्रेमी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती (18) का विवाह बीती दस दिसंबर को कन्नौज जनपद के एक गांव में हुआ था। शादी के बाद इन दिनों युवती मायके आई हुई थी। बीती 24 जनवरी की सुबह लगभग साढ़े सात बजे नवविवाहिता भाभी के साथ खेत पर गई थी। इसी दौरान गांव निवासी टिंकू उर्फ मनोज कुमार यादव ने उसे जहर की शीशी देकर आत्महत्या करने के लिए उकसाया। आरोप है कि टिंकू ने खुद भी जहर खाने की बात कही थी। इसी बीच कुछ लोगों के आ जाने पर वह भाग निकला, जबकि नवविवाहिता ने जहर खा लिया। घर आने पर उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे मल्लावां में एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले गए वहां से हालत गंभीर बताए जाने पर कानपुर में एक प्राइवेट अस्पताल में उपचार कराया। उपचार के दौरान नवविवाहिता की मौत हो गई। बताया गया कि मनोज का नवविवाहिता से पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी दूसरी जगह हो जाने पर उसने खुदकुशी के लिए उकसाया।
थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भाई की तहरीर पर टिंकू उर्फ मनोज कुमार यादव के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।