हरदोई। पुलिस ने रविवार की रात गश्त के दौरान लमकन पुल के पास से पिकअप को पकड़ा उसमें चार गोवंश बरामद हुए हैं। पास ही एक बाइक भी मिली है। पुलिस ने चार-पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रभारी कोतवाल नीरज बघेल ने बताया कि रविवार की रात पुलिस बल के साथ कटरा-बिल्हौर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी बीच लमकन पुल के पास एक पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर पिकअप सवार लोग व पीछे से बाइक से आ रहा व्यक्ति वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। तलाशी के दौरान पिकअप से चार गोवंश बरामद किए गए। पुलिस ने पिकअप व बाइक को कब्जे में लेकर गोवंशों को आश्रय स्थल भिजवाया। प्रभारी कोतवाल नीरज बघेल ने बताया कि चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।