माधौगंज। कस्बे के मोहल्ला पटेलनगर पूर्वी में चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। सोने के जेवर, नगदी और लैपटॉप चोरी कर ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बे के मोहल्ला पटेलनगर पूर्वी निवासी आरती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को वह मायके ग्राम पडना लखनपुर गई थी। सोमवार को दोपहर बाद वापस घर पहुंची तो घर के मुख्य दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था। घर के अंदर घुसने पर सभी कमरों और इनमें रखे बक्सों के ताले टूटे मिले। सोने-चांदी के जेवर, नगदी, पीतल के बर्तन, साड़ियां और लैपटॉप गायब मिला।
आरती ने बताया कि परिवार के अन्य सदस्य राजस्थान में रहते हैं उनके आने पर चोरी गए जेवरात और नगदी का ब्योरा दिया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई।