हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मैरिज हॉल में आयोजित तिलक समारोह से आठ लाख रुपये से भरा बैग चोरी हो जाने के मामले में पुलिस के लिए गुत्थी अभी भी अनसुलझी बनी हुई है। पीड़ित परिवार के स्तर से ही पुलिस को आवश्यक फुटेज और फोटो उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसमें काफी कुछ स्पष्ट होने के बाद भी पुलिस अब तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है।
चंदीपुरवा निवासी राजेश कुमार पांडेय के पुत्र विकास पांडेय का तिलक समारोह 17 जून की रात देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित एमडी पैलेस में था। इसी दौरान राजेश पांडेय का आठ लाख रुपयों से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी विकास जायसवाल मौके पर पहुंचे थे और एफआईआर दर्ज करने को कहा था। एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस घटना को गंभीरता से नहीं ले रही है।
हाल यह है कि संदिग्धों के वीडियो, फुटेज और फोटो तक पीड़ित परिवार ने ही पुलिस को व्यवस्थित कर उपलब्ध कराए हैं। पूरे फुटेज देखने से घटना को अंजाम देने वाले दो चेहरे स्पष्ट हो रहे हैं, जबकि तीसरा चेहरा साफ नहीं है। इतना सब होने के बाद भी पुलिस घटना के खुलासे की ओर एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा पाई है।
सीओ सिटी विकास जायसवाल का कहना है कि घटना के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। देहात कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी और क्राइम ब्रांच के साथ सर्विलांस टीम भी लगा दी गई है।