हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर नरकतरा स्थित मायके में नवविवाहिता ने जहर खा लिया। उपचार के दौरान जिला अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। परिजन पूरी घटना पर चुप्पी साधे हैं। बीती 21 मई को ही उसकी शादी हुई थी।
ग्राम सिकंदरपुर नरकतरा निवासी अलका (20) की शादी बीती 21 मई को शाहजहांपुर जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इंदेपुर निवासी सनी के साथ हुई थी। चौथी की विदाई की बाद से अलका मायके में थी। रविवार की दोपहर संदिग्ध हालात में अलका ने मायके में ही जहर खा लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजनों को पता चला तो आनन-फानन ही उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां देर रात उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर मृतका का पति सनी अन्य परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गया। मायके पक्ष के लोगों ने पूरी घटना पर चुप्पी साध रखी है। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बीते माह की 21 तारीख को धूमधाम से अलका की शादी हुई थी। उसकी डोली उठी थी तो पूरे परिवार में खुशी का माहौल था। ठीक एक माह बाद 21 जून को उसी घर से अलका की अर्थी निकली।