हरपालपुर। गांव ललुआमऊ से शनिवार की दोपहर लापता युवक रविवार की सुबह पड़ोसी गांव में एक भूसे के कूप में घायल अवस्था में पड़ा मिला। युवक की गर्दन पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
ललुआमऊ गांव निवासी सचिन (21) शनिवार की दोपहर से लापता था। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। रविवार की सुबह पड़ोसी गांव टिलियापुर के पास एक भूसे के कूप में घायल अवस्था में मिला।
ग्रामीणों से सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से जिला अस्पताल और बाद में लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जानकारी करने पर पता चला कि युवक ने प्रेम प्रसंग में खुद को ब्लेड मारकर घायल कर लिया है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।