भरावन (हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम महगवां में रविवार रात एक मकान में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने पर आपत्ति जताना एक परिवार के लिए महंगा पड़ गया। दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताने वाले परिवार पर हमला बोल दिया।
इसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। मामले में 25 नामजद और 15 अज्ञात लोगों पर बलवा, मारपीट, लॉकडाउन का उल्लंघन करने और जान-बूझकर संक्रमण फैलाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
महगवां निवासी विनय कुमार सिंह पुत्र हरिनाम सिंह ने अतरौली थाने में दी तहरीर में बताया कि रविवार रात साढ़े नौ बजे वह घर में था, तभी पड़ोस के घर से तेज आवाजें आने लगीं।
वहां भीड़ एकत्र देखकर विनय सिंह ने पड़ोसी रिजवान व गफ्फार से जानकारी की तो ये लोग हमलावर हो गए। घर में घुसकर मारपीट की। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग भी आ गए।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गए। अतरौली के प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि रेहान, इबरान, शाबान पुत्रगण मोहम्मद शफीक, शहनबाज, शादाब पुत्रगण गफ्फार, आमिर, आसिफ और आकिब पुत्रगण अब्दुल सत्तार, मोहम्मद शमी और गफ्फार पुत्रगण जुम्मन को नामजद किया गया है।
इसके अलावा इमरान, फुरकान और रिजवान पुत्रगण अजीम, यासीन, कामिल, अजीजुद्दीन और आदिल पुत्रगण इशरत, अब्दुल हक, अनवार और अंसार पुत्रगण अलीशेर, वारिस और शाहिद पुत्रगण मुनीर, शाबान पुत्र अब्दुल हक, पालू पुत्र हसीम, बोडा पुत्र जलील समेत 15 अज्ञात लोगों पर भी बलवा, मारपीट आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।