हरदोई। शाहाबाद कस्बे के शाहजहांपुर मुख्य मार्ग पर स्थित शटरिंग की दुकान को बुधवार रात चोरों ने निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़कर चोर गोलक मेें रखी 12 हजार की नगदी व कागजात चुरा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला अहाता निवासी सतीश राठौर पुत्र रामस्वरूप शटरिंग का काम करते हैं। कस्बे में हरदोई-शाहजहांपुर मुख्य मार्ग उसकी शटरिंग की दुकान है। बुधवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद करके घर गए थे। देर रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोर गोलक में रखी 12 हजार की नगदी, बैंक चेकें आदि कागजात चुरा ले गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे पीड़ित को शटर के ताले टूटे मिले। पीड़ित ने शटर खोलकर देखा तो गोलक से नगदी व कागजात गायब थे। उसने कोतवाली पहुंच कर चोरी की तहरीर दी। पीड़ित का आरोप है कि तहरीर देने के बाद अभी तक पुलिस जांच करने नहीं आ सकी है। कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि घटना संज्ञान में है। बताया कि घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।