मल्लावां। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुरौदीखेड़ा निवासी रामश्री (45) पत्नी रामऔतार शनिवार की शाम बेटे जितेंद्र कुमार (16) के साथ साइकिल से मल्लावां के ग्राम लालपुर भसूड़ा निवासी बहनोई सेवकपाल के घर जा रही थी। रामश्री के मुताबिक रास्ते में साइकिल पंचर होने पर वह दोनों पैदल जा रहे थे। इसी बीच दारू कुइयां लालपुर गांव के बीच स्थित महुआ के पेड़ के पास पांच नकाबपोश बदमाशों उन दोनों को रोक लिया। बदमाशों ने उससे पायल, बाला व मंगलसूत्र लूट लिया। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। बेटे जितेंद्र ने बताया कि इस बीच मौका मिलने पर वह वहां से भाग कर कुछ दूर आगे गया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आस पास के ग्रामीण मौके पर आ गए, जिस पर बदमाश मौके से भाग गए। जितेंद्र ने बताया कि ग्रामीणों ने यूपी 100 को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर आकर जांच की। बताया कि घायल होने पर मां रामश्री को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।