हरदोई के संडीला आरपीएफ की हिरासत में आरोपी व बरामद किया गया रेल ट्रैक के टुकड़े व अन्य सामान। संव?
- फोटो : HARDOI
संडीला (हरदोई)। रेलवे का लोहा और अन्य सामान चुराकर बेचे जाने की सूचना पर आरपीएफ ने बुधवार को लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के नजर नगर में कबाड़ी के यहां छापा मारा। आरपीएफ ने रेल पटरी के टुकड़ों समेत ट्रैक की पेंड्रोल क्लिप आदि बरामद कीं। आरपीएफ ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि आरपीएफ को रेलवे संपत्ति की चोरी और खरीद फरोख्त करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर आरपीएफ ने लखनऊ के मलिहाबाद के नजर नगर में एक कबाड़ी के यहां छापा मारा। यहां से 14 बड़ी जोगल प्लेट, 3 छोटी जोगल प्लेट, 6 पेंड्रोल क्लिप, 2 हुक, 2 बोल्ट, 200 किलो सिग्नल राडिंग, ट्रेंसल और रेल ट्रैक के छह टुकड़े बरामद किए हैं। बताया कि इसकी कीमत 37 हजार रुपये से अधिक है। बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने अपना नाम महेंद्र कुमार, निवासी नजर बाग, अंकुश व शिवदीन निवासी ईशापुर थाना मलिहाबाद लखनऊ बताया। आरपीएफ प्रभारी अखिलेश कुमार यादव ने बताया कि पूछताछ के बाद रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया है।