हरदोई। जिला पुरुष और महिला अस्पताल में तैनात 150 कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं मिल पा रहा है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। वेतन न मिलने से सबसे अधिक समस्या संविदा कर्मियों को हो रही है। तीन दिन पूर्व डीएम एमपी सिंह के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों ने वेतन दिलाने की गुहार लगाई थी, मगर कार्रवाई नहीं हो सकी है।
जिला पुरुष और महिला अस्पताल में स्थायी और अस्थायी 150 कर्मचारी तैनात हैं। जिला अस्पताल में 35 स्थायी कर्मचारी हैं। इसी प्रकार महिला अस्पताल में 30 कर्मचारी तैनात हैं। इसके अतिरिक्त अन्य संविदा कर्मचारी हैं। महिला अस्पताल में 12 सफाई कर्मचारी भी तैनात हैं। अस्पताल व महिला अस्पताल में कर्मचारियों को नियमित वेतन नहीं मिल पा रहा है। इससे कर्मचारी परेशान हैं। स्थायी कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है।
वहीं, सफाई कर्मचारियों को नौ माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलाव अन्य संविदा कर्मचारियों को भी वेतन नहीं मिला है। इससे चिकित्सक व कर्मचारी परेशान हैं। उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सफाई कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अपनी मांग भी रखी थी, मगर उनकी समस्या का निदान नहीं हो सका है।
मेडिकल कालेज प्राचार्या डॉ. वाणी गुप्ता ने बताया कि बजट के कमी के कारण वेतन रुका था, बजट आ गया है। लेखाधिकारी अवकाश पर हैं। उनके आते ही वेतन जारी कर दिया जाएगा।