शाहाबाद। कोतवाली में महिला की तहरीर पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी बासल गांव निवासी जोया ने दी तहरीर में बताया कि छह माह पहले उसका निकाह पड़ोस में रहने वाले सखी उर्फ राजा के साथ हुआ था। दो माह तक सब ठीक रहा। इसके बाद ससुरालीजन दहेज में दो लाख रुपये और बाइक की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे।
कुछ दिन पहले पति ने दूसरी शादी करने की धमकी देकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में रह रही है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति राजा, ससुर रफी, ननद शब्बो, नदीम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।