हरदोई। पेट्रोल पंप पर तैनात गार्ड को ड्यूटी पर सोना व असलाह ढंग से न रखना भारी पड़ गया। बुधवार रात में गश्त पर निकली पुलिस ने लापरवाही सामने आने पर गार्ड की बंदूक उठा ली और लाकर कोतवाली में जमा करा दी। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि गार्ड को कोतवाली बुलाया गया है।
बुधवार की रात कस्बा प्रभारी संजय सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान गश्ती दल कानपुर मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो पंप पर तैनात सुरक्षा कर्मी सोता मिला। उसकी बंदूक पास ही रखी मिली। पुलिस काफी देर तक पंप पर मौजूद रही, लेकिन सुरक्षाकर्मी की नींद नहीं टूटी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने बंदूक उठा ली और उसे लाकर कोतवाली में जमा करा दिया। सुबह कर्मी को इसकी जानकारी दी गई। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि प्रतिष्ठानों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से सजगता की अपेक्षा रहती है। कर्मी द्वारा अपनी बंदूक का भी ढंग से ख्याल नहीं रखा गया है। यह गंभीर लापरवाही है। पंप कर्मी को कोतवाली बुलाया गया है। कर्मी से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।