हरदोई। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम मानीमऊ स्थित ननिहाल आए युवक की बुधवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ौआ निवासी राम खिलावन (40) मजदूरी करता था। उसका ननिहाल सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम मानीमऊ में है। तीन दिन पहले वह मामा बेचेलाल के घर मानीमऊ गया था। बुधवार रात मामा के घर पर ही उसकी संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। मामा बेचेलाल उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तभी उसकी मौत हो गई। मृतक के मामा ने घटना की सूचना अन्य परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई, लेकिन किसी का नाम नहीं लिया। मृतक की पत्नी पांच वर्ष पहले उसे छोड़कर देवर के साथ रहने लगी थी। थानाध्यक्ष सांडी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।