हरदोई। बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम पुरवा देवरिया निवासी रामवती (56) मंगलवार की सुबह बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगा रही थी। इसी दौरान बिजली के बोर्ड में करंट उतरने से चपेट में आकर रामवती गंभीर रूप से झुलस गई। घटना की जानकारी होने पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तब तक रामवती की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि महिला का पति श्रीचंद्र मजदूरी करता है। उसके चार बच्चे हैं। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि करंट लगने से महिला की मौत हुई है।