पाली (हरदोई)। पाली थानाक्षेत्र के रूपापुर पाली मार्ग पर रहतोरा के निकट कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने सराफ की बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। तमंचे के बल पर सात लाख के जेवरों से भरा झोला लेकर फरार हो गए।
पाली कस्बे के मोहल्ला बाजार निवासी अमरनाथ रस्तोगी की रूपापुर चौराहा पर सराफा की दुकान है। सोमवार की शाम लगभग छह बजे अमरनाथ बाइक से घर जा रहे थे। आगे दूसरी बाइक पर उनके नौकर के साथ पिता भोलानाथ थे। पाली मार्ग पर रहतोरा के निकट स्थित पेट्रोल पंप के पास एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। अमरनाथ गिर पड़े। इसी बीच कार से उतरे हथियारबंद बदमाशों ने तमंचे के बल पर अमरनाथ से जेवरातों से भरा झोला छीन लिया। अमरनाथ ने विरोध की कोशिश की तो तमंचे की बट से उस पर हमला कर घायल कर दिया। सराफ ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पाली के प्रभारी निरीक्षक बीएम त्रिपाठी ने मौके का निरीक्षण किया और घटना की जांच की। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।