हरदोई। चोरी के मामले में पूछताछ के लिए पाली थाने लाया गया शातिर चौकीदार और पुलिस कर्मियों को चकमा देकर रविवार रात भाग निकला। चौकीदार के शोर मचाने पर थाने में अफरा तफरी मच गई। पुलिस आरोपी की तलाश में छापे डाल रही है।
पाली कस्बे के मोहल्ला भगवंतपुर निवासी राजीव यादव शातिर अपराधी है। चोरी, लूट, कच्ची शराब बनाने और मारपीट के कई मामले उस पर दर्ज हैं। गुरुवार की रात भगवंतपुर में किराना गोदाम में चोरी हुई थी। चोरी के शक पर पुलिस ने रविवार को राजीव व उसके तीन अन्य साथियों को पूछताछ के लिए पकड़ा था। पुलिस ने उसे हवालात में बंद किया था। रविवार देर रात वह लघुशंका के लिए चौकीदार के साथ हवालात के पीछे की ओर गया था। इसी दौरान चौकीदार को चकमा देकर फरार हो गया। चौकीदार ने शोर मचाया तो पुलिस कर्मियों में अफरा तफरी मच गई। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने राजीव के एक करीबी रिश्तेदार को पूछताछ के लिए उठाया है। पाली के प्रभारी निरीक्षक बीएम त्रिपाठी ने बताया कि राजीव को पूछताछ के लिए लाया गया था और वह भाग निकला।
हाल ही में जेल से छूटा था राजीव
पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक राजीव बेहद शातिर है। कुछ दिन पहले उसे पुलिस ने कच्ची शराब बनाते हुए भट्ठी के साथ पकड़ा था और जेल भेज दिया था। पुलिस का दावा है कि गुरुवार को ही वह जेल से छूटा था।