हरदोई। दो दिन पहले सांड़ के हमले में घायल हुए कस्बा निवासी वृद्ध की रविवार की सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंडरवा किला निवासी हरद्वारी लाल रस्तोगी (90) परिवार के साथ कस्बे के मोहल्ला मिश्राना में रहते थे। शुक्रवार की सुबह वह मोहल्ले में ही स्थित मंदिर से पूजन कर घर लौट रहे थे। इस बीच मंदिर के पास खड़े सांड़ ने उन पर हमला बोल दिया था। सांड़ के हमले में हरद्वारी लाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद परिजनों द्वारा उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। रविवार की सुबह इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि हरद्वारी लाल विवाहित थे, उनके पांच बेटे व एक बेटी है। वह पहले सराफा कारोबार से जुड़े थे। उनके निधन पर जानने वाले लोगों ने शोक जताया है।