हरदोई। मल्लावां के भिम्माखेड़ा निवासी महिला ने पुलिस विभाग में तैनात पति व ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। महिला की ओर से महिला आयोग ने प्रार्थना पत्र दिया गया। आयोग के निर्देश पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नयागांव के मजरा भिम्माखेड़ा निवासी संगीता देवी ने महिला आयोग को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी आठ मार्च 2020 को भिम्माखेड़ा निवासी मनीष कुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे। वे दो लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे। इसका पता चलने पर पिता ने किसी तरह दो लाख रुपये ससुरालीजनों को दिए। संगीता देवी ने बताया कि इसके बाद पति मनीष कुमार, ससुर मंगतराम, सास सरोजनी देवी, देवर रोहन, राहुल व नंद रेनू देवी फिर से दहेज में कार की मांग करने लगे। इस पर पिता ने कार देने से इनकार कर दिया। बताया कि पिता के इनकार करने पर 24 दिसंबर 2020 को इन लोगों ने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। उसने पुलिस में शिकायत की, लेकिन पति व देवर दोनों के पुलिस महकमे में होने के कारण उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला आयोग से गुहार लगाई। महिला आयोग के निर्देश पर गुरुवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।