हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने युवक व उसके साथी के खिलाफ दहेज में 25 लाख रुपये देने व शिकायती पत्र वापस न लेने पर धमकाने की तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़िता ने बताया कि ग्राम मुरारनगर निवासी अवधेश से उसका छह साल पहले प्रेम प्रसंग था। तीन साल पहले आरोपी ने झांसे में लेकर मंदिर में उससे शादी कर ली। एक वर्ष तक उसे लखनऊ में रखा। गर्भवती हो जाने पर अवधेश का व्यवहार बदल गया। उससे गालीगलौज करने लगा। आरोपी ने बुखार की दवा बताकर गर्भपात की दवा खिला दी। तबियत बिगड़ने पर उसे एक हास्पिटल में छोड़कर भाग गया। उसने पुलिस से शिकायत भी की। पीड़िता ने बताया कि 28 जून को अवधेश व उसका साथी अशोक मुरार नगर चौराहा पर मिले और शिकायती पत्र वापस लेने का दबाव बनाया। आरोपी ने दहेज में 25 लाख रुपये देने पर वापस घर में रखने की बात कही। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि भीड़ जुटने पर आरोपी भाग गए। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।