हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एक युवक पर नाबालिग बेटी को ले जाने व उसे दो दिन तक बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि 19 अप्रैल को उसकी 16 वर्षीया बेटी को कुरसंडा गांव निवासी संतोष बहला फुसला कर ले गया था। बेटी अपने साथ घर में रखे 15 हजार रुपये भी ले गई थी। बताया कि युवक ने उसकी बेटी को अपने घर में बंधक बना लिया और दो दिन तक उसके साथ दुष्कर्म किया। दो दिन बाद किसी तरह वहां से भाग कर बेटी घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। कोतवाल महेश चंद्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी का मेडिकल कराया जा रहा है, पुलिस आरोपी को तलाश कर रही है।