हरदोई। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में उधरनपुर के निकट बाइक सवार दोस्तों को डीसीएम ने टक्कर मार दी। बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पास मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अन्ना निवासी प्रवीण (22) बिलग्राम तहसील क्षेत्र के छिबरामऊ में स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष का विद्यार्थी था। हरदोई में गन्ना मंडी के पीछे हरीपुर में अपने मकान में रहकर एयरफोर्स भर्ती की तैयारी कर रहा था। किसी कार्य से वह दोस्त विशाल (21) निवासी लोधी थाना बघौली के साथ शाहजहांपुर गया था। शनिवार को सुबह दोनों दोस्त बाइक से वापस हरदोई आ रहे थे। हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में उधरनपुर के निकट डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी।
पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी शाहाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रवीण के पास से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। प्रवीण के परिवार में पिता विजय पाल, मां गंगा देवी और एक बड़ा भाई बालिस्टर है।