हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहसार के निकट पहिया निकलने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत हो गई।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मसूरपुर आंट निवासी आकिब उर्फ फुन्नी (20) ट्रैक्टर चालक था। मंगलवार शाम वह गांव निवासी वासित के साथ ट्रैक्टर से लकड़ी लादने के लिए ग्राम बेहसार जा रहा था। बेहसार और सफियापुर के बीच ट्रैक्टर का अगला पहिया अचानक निकल गया। इसके कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। ट्रैक्टर चला रहा आकिब ट्रैक्टर के नीचे ही दब गया। राहगीरों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आकिब को निकाला। इसी बीच पहुंचे परिजन आकिब को लेकर प्राइवेट वाहन से अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आकिब चार भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। कासिमपुर के प्रभारी निरीक्षक दीपक रघुवंशी ने बताया कि घटना की जानकारी है। परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।