हरदोई। संडीला के मोहल्ला काजी सराय निवासी बालिका की मंगलवार की देर शाम कर्बला स्थित तालाब में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि बालिका मानसिक रूप से कमजोर थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के मोहल्ला काजी सराय निवासी रेनू (10) की कस्बे के कर्बला स्थित तालाब में डूबकर मौत हो गई। आसपास के लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए और गोताखोरों की मदद से तालाब में रेनू के शव की तलाश शुरू कराई। लगभग आधा घंटे की मशक्कत के बाद तालाब से उसका शव बरामद कर लिया गया। भाई आशीष ने बताया कि रेनू एक भाई व दो बहनों में सबसे छोटी थी, मानसिक रूप से कमजोर थी। उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार की रात परिजन मवेशियों के लिए चारा लेने गए हुए थे। इसी बीच वह घर से निकल गई। वापस आने पर रेनू घर पर नहीं मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने रेनू को कर्बला की तरफ जाते हुए देखा है। इस पर वे तलाश करते हुए यहां तक आए थे। कस्बा चौकी इंचार्ज बालेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।