हरदोई। अतरौली-बरेठी रोड पर बा स्कूल के पास बुधवार दोपहर साइकिल से जा रही दो बहनों को बाइक ने टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाते समय घायल युवती ने दम तोड़ दिया, जबकि घायल उसकी बहन का इलाज किया जा रहा है। उधर, हादसे के बाद सवार बाइक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम बरेठी निवासी बबली (18) व शिवानी (16) मंगलवार की सुबह अतरौली गई थीं। दोपहर में दोनों साइकिल से घर लौट रही थीं। अतरौली-बरेठी रोड स्थित बा स्कूल के पास उनकी साइकिल में पीछे से आई बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन दोनों को लखनऊ ले जा रहे थे, रास्ते में बबली की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, परिजन शव लेकर वापस आ गए।
पिता मेवालाल ने बताया कि बबली पांच बहनों व एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। वह पास के ही एक कॉलेज में इंटर की छात्रा थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ संजीव शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर बाइक चालक अरुण कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।