हरदोई। बेटे के साथ दवा लेने छिबरामऊ गई महिला चलती बाइक से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इसरापुर गांव निवासी लक्ष्मी सिंह (55) सोमवार की शाम बेटे दीपू के साथ छिबरामऊ गांव में एक चिकित्सक के पास दवा लेने गईं थीं। दवा लेकर वापस जाते समय छिबरामऊ से कुछ दूरी पर वह संतुलन बिगड़ जाने पर चलती बाइक से नीचे गिर गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी सिंह को बेटा जब तक सीएचसी लेकर पहुंचा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया कि लक्ष्मी सिंह के तीन बेटे हैं। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।