जिला चिकित्सालय में बिलखती मृतक की मां कांती को संभालती महिला। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शाहाबाद-पाली मार्ग पर ग्राम परेली के निकट टायर पंचर होने से अनियंत्रित हुई कार ने बाइक सवार दोस्तों को टक्कर मार दी। दोनों बाइक सवारों को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में एक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है।
पाली थाना क्षेत्र के बेगराजपुर निवासी वीरपाल (25) मुंबई में एक फैक्ट्री में काम करता था। होली मनाने के लिए रविवार को ही मुंबई से वापस गांव आया था। दोपहर बाद गांव निवासी करन (25) के साथ बाइक से एटीएम से रुपये निकालने के लिए शाहाबाद जाने के लिए निकला था। पाली-शाहाबाद मार्ग पर परेली के निकट शाहाबाद की ओर से आ रही कार का टायर पंचर हो गया। कार अनियंत्रित होकर बाइक से जा भिड़ी। घटना में करन और वीरपाल बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में वीरपाल को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां कांती बदहवास हो गई। पाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश राय ने बताया कि सिपाही मोहित यादव और बृजेंद्र फौजी ने कार और चालक को दरियापुर मोड़ के पास से पकड़ लिया है। कार सवार से पूछताछ की जा रही है।