हरदोई। हरदोई-पिहानी मार्ग पर शनिवार को हरियाली किसान बाजार के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवार पिता पुत्र को टक्कर मार दी। बाइक चला रहे पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर भाग गया।
हरियावां थाना क्षेत्र के अरुआ गांव निवासी सुधाकर सिंह (25) शनिवार की शाम तकरीबन साढ़े चार बजे पिता राकेश सिंह को लेकर पिहानी जा रहा था। हरियाली किसान बाजार के पास पिहानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक चला रहे सुधाकर सिंह के सिर को कुचलता हुआ निकल गया। इससे उसका हेलमेट चकनाचूर हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिता राकेश सिंह को गंभीर चोटें आईं। कोतवाल महेश चंद ने घायल को हरदोई भेज दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले ली है।