हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम तुतनपुरवा में शौच पर गए युवक की नाले में डूबकर मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
ग्राम तुतनपुरवा निवासी अशोक कुमार (22) गांव में ही रहकर पिता के साथ खेती के कार्य में सहयोग करता था। शनिवार को तड़के शौच के लिए गांव के बाहर से निकले नाले के पास गया था। काफी देर बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा, तो उसका भतीजा छोटू तलाश करने निकला। इसी दौरान उसने नाले में अशोक कुमार को औंधे मुंह पड़े देखा, तो परिजनों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने अशोक को नाले से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता मलखान ने बताया कि अशोक को कभी कभी दौरा पड़ जाता था। संभवत: शौच के दौरान दौरा पड़ने से नाले में गिरकर डूबने से मौत हो गई। माधौगंज थानाध्यक्ष रमेश वर्मा ने बताया कि परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। (संवाद)