हरदोई। गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली बिल्हौर-कटरा मार्ग पर पाली थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। घटना में ट्राली में सवार लगभग 12 लोग घायल हो गए। इनमें से सात की हालत गंभीर होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ककरा से श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए फर्रुखाबाद के पांचाल घाट जा रहे थे। गुरुवार रात लगभग सवा आठ बजे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली बिल्हौर कटरा मार्ग पर पाली थाना क्षेत्र में ग्राम रमपुरा खम्हरिया के निकट अनियंत्रित होकर खाई मेें जा गिरी। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और एंबुलेंस बुलवाकर घायलों को सीएचसी सवायजपुर भिजवाया। ककरा निवासी राजेश (15), अनीता (28), चंदा(50), रामसेवक (27), छोटी बिटिया(16), आनंद कुमारी (60) और शिल्पी (15) को गंभीर रूप से घायल होने के कारण जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।