हरदोई में हादसे का शकार अमरेंद्र बहादुर सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
सांडी (हरदोई)। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सांडी थाना क्षेत्र में ग्राम मानीमऊ के पास दो बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई। घटना में हरपालपुर कोतवाली में तैनात दीवान समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी भेज दिए हैं।
रायबरेली जिले के थाना तरेनी के ग्राम दुलारपुर नीभी निवासी अमरेंद्र बहादुर सिंह (45) हरपालपुर कोतवाली में दीवान के पद पर तैनात थे। इन दिनों पैरोकार की ड्यूटी कर रहे थे। बुधवार देर शाम जिला मुख्यालय से डाक लेकर हरपालपुर कोतवाली बाइक से जा रहे थे। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सामने से आ रही बाइक से अमरेंद्र की बाइक की भिड़ंत हो गई। घटना में अमरेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अमरेंद्र हेलमेट नहीं लगाए थे। दूसरी बाइक पर सवार सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सठियामऊ निवासी अनिल (27) की भी मौके पर मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए था। घटना की सूचना पर फौरन ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों के शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांडी की मोर्चरी में भिजवाए। अनिल सब्जी लेने के लिए अपने गांव से सांडी जा रहा था। अनिल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और खेती करता था।